काशीपुर। ऊर्जा निगम की टीम ने नगरपंचायत गढ़ीनेगी व करनपुर में वृहद चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सात घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। निगम की टीम ने सभी घरों से चोरी में प्रयुक्त केबल कब्जे में ले ली। निगम के एसडीओ ने आरोपियों के खिलाफ कुंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विद्युत वितरण खंड जसपुर द्वितीय के एसडीओ ऋषभ कुमार, जेई विनोद कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नगर पंचायत गढ़ीनेगी व करनपुर में विद्युत कनेक्शन चेक किए। इस दौरान गढ़ीनेगी में तीन भाइयों अनिल कुमार, राजकुमार व मुकेश के घरों में विद्युत मापक से पहले कट लगाकर बिजली चोरी होते पाई गई। इसके अलावा गढ़ीनेगी निवासी सुदेश बाठला, ग्राम करनपुर निवासी इमरत सिंह व गढीनेगी गुलाब सिंह व विशाल कुमार के घरों में बिजली चोरी होते पाई गई। कुंडा कोतवाल धीरेंद्र सिंह ने बताया कि एसडीओ की तहरीर पर पुलिस ने सभी सातों आरोपियों के खिलाफ 135 विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
