लगातार हो रही बारिश मुसीबत का सबब बनती जा रही है। शहर के नई बस्ती विजय कॉलोनी, पठरिया पीर क्षेत्र में शनिवार को बारिश के चलते एक पुश्ता अचानक ढह गया। पुश्ते की दीवार टूटकर नीचे बने मकानों पर गिरने से चार से पांच घर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक बुजुर्ग महिला घायल हुई हैं, जबकि समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के मकान खाली करा लिए हैं लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण पुश्ते की मिट्टी और दीवार कमजोर हो गई थी। शनिवार को अचानक पुश्ता भरभराकर ढह गया और उसकी दीवार नीचे स्थित मकानों पर आ गिरी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीमों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
हादसे में नई बस्ती विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय विमला देवी पत्नी स्वर्गीय बृजेश को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है। प्रारंभिक आकलन में चार से पांच मकानों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुश्ते के आसपास स्थित मकानों को खाली करा दिया है और लोगों को फिलहाल वहां नहीं रहने की सलाह दी गई है।
